छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दूरस्थ वनांचलों और गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी कड़ी में उन्होंने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकारी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 29 करोड़ 32 लाख 84 हजार रुपये के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इनमें 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये के एक कार्य का लोकार्पण और 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

19 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति
मुख्यमंत्री ने ग्राम काईकछार और बालाछापर में कुल 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से बने दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। इनके शुरू होने से क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। काईकछार उपकेंद्र से 9 और बालाछापर उपकेंद्र से 10 गांवों को लाभ मिलेगा। इससे घरेलू उपयोग के साथ कृषि और अन्य ग्रामीण गतिविधियों को भी मदद मिलेगी।
सामाजिक भवन और महतारी सदन की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामाजिक भवन बनाने की घोषणा की। वहीं, जोकारी में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का निर्माण कराया जाएगा।

इसके अलावा जोकारी में मिनी स्टेडियम और खेल मैदान बनाने की भी घोषणा की गई। इससे स्थानीय युवाओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
गांवों के विकास से बनेगा सशक्त छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क, बिजली और सामाजिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जोकारी और आसपास के गांवों में शुरू हो रहे विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति को नई गति देंगे। सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों और परिवारों तक पहुंचे। गांवों की खुशहाली और समृद्धि से ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।
