मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन और अखरा विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच और बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री का महोत्सव में पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन और गजमाला से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रौतिया समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। नवनिर्मित भवन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक आयोजनों और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

तीन वर्षों में विकास कार्यों को मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 33 किश्तों में 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।
सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि रामलला दर्शन योजना के तहत 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं, जबकि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से 10 हजार से अधिक बुजुर्ग लाभान्वित हुए हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। अब तक प्रदेश के 6 हजार गांवों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं।
रौतिया समाज ने जताया आभार
कार्यक्रम में अखिल भारतीय रौतिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. साय ने समाज भवन और अखरा विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे समाज की संगठनात्मक गतिविधियों और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, संयोगिता सिंह, विश्वनाथ सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
