छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। दो दिन पहले फिसलकर गिरने से उनके पैर में चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद बेहतर उपचार की व्यवस्था की। सोमवार को मुख्यमंत्री उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर पहुंचे। यहां बालाजी अस्पताल में उनके इलाज की व्यवस्था की गई है।
जशपुर में नंदकुमार साय से मिलने पहुंचे थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि रविवार को जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें नंदकुमार साय के निवास के पास आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में नंदकुमार साय के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदकुमार साय दो दिन पहले फिसलकर गिर गए थे। इस वजह से उनके पैर में चोट आई और उन्हें चलने-फिरने में तकलीफ हो रही थी।
बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से लाए रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उन्हें सोमवार को रायपुर आना था। ऐसे में उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदकुमार साय के उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।
