Breaking News

18 नवंबर से लापता था ASI का बेटा, दर्री डेम में मिली लाश

कॉलेज जाने निकला युवक नहीं लौटा घर

कोरबा के दर्री डेम में मिला ASI धनंजय सिंह के लापता बेटे अर्जुन सिंह का शव दर्री डेम में मिला ASI के लापता बेटे का शव

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्री डेम में एक 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांगो थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) धनंजय सिंह के बेटे अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। अर्जुन 18 नवंबर से लापता था। वह घर से बाइक पर कॉलेज जाने के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा था। फिलहाल उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मछुआरों ने पानी में तैरता देखा शव

जानकारी के अनुसार, कुछ मछुआरे मछली पकड़ने के लिए प्रगतिनगर स्थित दर्री डेम पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पानी में एक शव तैरता देखा। मछुआरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनकी मदद से शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने ASI धनंजय सिंह को भी मौके पर बुलाया। उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे अर्जुन सिंह के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दर्री डेम में मिला ASI के लापता बेटे का शव
दर्री डेम में मिला ASI के लापता बेटे का शव

18 नवंबर से लापता था अर्जुन

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अर्जुन 18 नवंबर को घर से बाइक लेकर कॉलेज जाने के लिए निकला था, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया।

जांच में सामने आया है कि अर्जुन के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन दर्री डेम के पास मिली थी। हालांकि, पुलिस को अब तक उसका मोबाइल और बाइक नहीं मिले हैं। युवक किन परिस्थितियों में लापता हुआ और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी लखन पटले ने बताया कि दर्री थाना क्षेत्र के दर्री डेम में शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव की पहचान 21 वर्षीय अर्जुन सिंह के रूप में हुई है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मोबाइल और बाइक की तलाश के साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

leave a reply