छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री के मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) के मुताबिक, आरोपित IVF सेंटरों के कर्मचारियों के जरिए निःसंतान दंपतियों की जानकारी जुटाते थे। इसके बदले कर्मचारियों को रुपये दिए जाते थे। पुलिस को इस नेटवर्क के आठ राज्यों तक फैले होने और 100 से अधिक बच्चों की खरीद-बिक्री किए जाने की आशंका है।
मामला शहर के दिवाकर अस्पताल से जुड़ा है। अब तक इस प्रकरण में छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार पुरुष नर्स एक IVF सेंटर में ब्लड सैंपलिंग का काम करता था और वहां से दंपतियों का डेटा आरोपितों तक पहुंचाता था। इस जानकारी के बाद पुलिस अब संबंधित IVF सेंटरों की भूमिका की जांच करने की तैयारी कर रही है।

IVF सेंटरों से जुटाते थे निःसंतान दंपतियों की जानकारी
SIT की जांच के अनुसार, IVF सेंटरों के कुछ कर्मचारी कथित तौर पर पैसों के लालच में निःसंतान दंपतियों की जानकारी आरोपितों को देते थे। इस डेटा का इस्तेमाल बच्चों की खरीद-बिक्री के लिए ग्राहक तलाशने में किया जाता था।
मामले में गिरफ्तार पुरुष नर्स की भूमिका भी इसी कड़ी से जुड़ी बताई जा रही है। वह IVF सेंटर में ब्लड सैंपलिंग का काम करता था और वहां उपलब्ध जानकारी आरोपितों को बेचता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संस्थानों की भूमिका की जांच कर रही है।
दिवाकर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन निरस्त
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि दिवाकर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया गया है। अस्पताल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि बच्चों की डिलीवरी कराने और फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में गिरफ्तार महानंद पहले कई निजी अस्पतालों में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में काम कर चुका है। उसने दिवाकर अस्पताल के संचालक डॉ. बीआर दिवाकर से एक लाख रुपये की मासिक किश्त पर अस्पताल किराये पर लिया था। आरोप है कि इसी अस्पताल से बच्चों की खरीद-बिक्री का काम संचालित किया जा रहा था।
गली के अंदर तीन मंजिला मकान में चल रहा था अस्पताल
दैनिक जागरण की पड़ताल के अनुसार, दिवाकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल बसंत विहार के मुख्य गेट से करीब दो किलोमीटर दूर एक गली के अंदर स्थित तीन मंजिला मकान में संचालित हो रहा था।
अस्पताल के बाहर लगे बोर्ड पर मेडिसिन, शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, न्यूरो, यूरो, कार्डियो और छाती रोग समेत कई विभागों का उल्लेख था। हालांकि, बोर्ड पर किसी डॉक्टर का नाम दर्ज नहीं था।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े लोगों, IVF सेंटरों और अस्पताल के नेटवर्क की जांच कर रही है। आठ राज्यों में 100 से अधिक बच्चों की खरीद-बिक्री की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
