छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बस्तर को शांति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
समारोह में जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने राज्य निर्माण के प्रणेता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं का सम्मान कर अलग राज्य की सौगात दी थी। उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।
विधायक ने बताया कि सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने जगदलपुर के 24 घंटे संचालित नालंदा परिसर और धुड़मारास में हेरिटेज विलेज, होम-स्टे व पर्यटन कॉरिडोर के विकास को युवाओं के लिए अवसर बताया।
2031 तक हर गांव तक पहुंचेंगी बुनियादी सुविधाएं
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि बस्तर की महिलाएं और युवा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसी पहल से स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने बताया कि 31 मार्च 2026 को बस्तर क्षेत्र का माओवाद मुक्त होना विकास की दिशा में ऐतिहासिक पड़ाव रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 8,700 करोड़ रुपये की लागत से अंदरूनी क्षेत्रों में सड़कें बनाई जा रही हैं। गीदम-भोपालपटनम फोरलेन कॉरिडोर और अंतागढ़-जगदलपुर रेल परियोजना पर भी काम जारी है।
इसके अलावा 10 हजार से अधिक देवगुड़ी और मातागुड़ी स्थलों का संरक्षण, मेडिकल कॉलेज, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और सिंचाई परियोजनाओं से क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने वर्ष 2031 तक बस्तर के हर गांव को सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने का लक्ष्य दोहराया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी लगाई गई। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और भूमि स्वामित्व दस्तावेज वितरित किए गए। समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूली बच्चों और लोक कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बस्तर के कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
