प्रेम कुमार,रायपुर: के माना थाना क्षेत्र में युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर हुए विवाद के दौरान युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
छेड़छाड़ के विरोध के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में हुई है। आरोप है कि युवक युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। युवती ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग में झुलसी युवती, अस्पताल में इलाज जारी
अचानक आग की लपटों में घिरी युवती ने मदद के लिए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद युवती को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़िता के बयान और सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और वारदात के बाद आरोपी किस दिशा में गया।
पीड़िता के बयान और साक्ष्यों से आगे बढ़ेगी जांच
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच में पीड़िता के बयान, CCTV फुटेज और घटनास्थल से जुटाए जा रहे अन्य साक्ष्यों को अहम माना जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की संभावना है।
