Breaking News

Ramayana का पहला गाना रिलीज, छाया ‘Jai Jai Ram’

गणेश चतुर्थी पर रिलीज हुए ‘Jai Jai Ram’ में रणबीर कपूर-साई पल्लवी की राम-सीता के रूप में भव्य झलक के साथ अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज ने गीत को खास बना दिया

Ramayana Part 1 के Jai Jai Ram गाने में रणबीर कपूर और साई पल्लवी Ramayana Part 1 के Jai Jai Ram गाने में रणबीर कपूर और साई पल्लवी

प्रेम कुमार, रणबीर कपूर और साई पल्लवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Ramayana: Part 1’ का पहला गाना ‘Jai Jai Ram’ रिलीज हो गया है। गणेश चतुर्थी के खास अवसर पर लॉन्च किए गए इस गीत में भगवान राम के जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण और भावनात्मक प्रसंगों की झलक दिखाई गई है। गाने में राम-सीता विवाह, अयोध्या वापसी, राजा दशरथ से जुड़े प्रसंग और भरत मिलाप जैसे दृश्य प्रमुखता से नजर आते हैं।

राम-सीता विवाह से शुरू होता है गाना

‘Jai Jai Ram’ की शुरुआत भगवान राम और माता सीता के भव्य विवाह दृश्य से होती है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। विवाह समारोह में उत्सव, श्रद्धा और भव्यता को खास अंदाज में दिखाया गया है। इसके बाद राम और सीता के अयोध्या पहुंचने का प्रसंग सामने आता है, जहां फूलों की वर्षा के बीच उनका स्वागत किया जाता है। इन दृश्यों के जरिए फिल्म की भव्यता के साथ धार्मिक और भावनात्मक माहौल को भी उभारने की कोशिश की गई है।

दशरथ प्रसंग और भरत मिलाप ने बढ़ाई भावुकता

गाने में भगवान राम के जीवन से जुड़े कई भावुक क्षण भी देखने को मिलते हैं। एक दृश्य में राम अपने पिता राजा दशरथ की सेवा करते नजर आते हैं। वहीं दशरथ के निधन के बाद राम द्वारा उनकी अस्थियों का विसर्जन करने का प्रसंग भी गीत में दिखाया गया है। इन दृश्यों के बीच राम और भरत का मिलाप खास आकर्षण बनकर सामने आता है। दोनों भाइयों के भावुक मिलन को गीत में प्रमुखता दी गई है, जिससे कहानी का भावनात्मक पक्ष और मजबूत होता है।

एआर रहमान के संगीत पर अरिजीत-श्रेया की आवाज

‘Jai Jai Ram’ को मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने संगीतबद्ध किया है। इसके बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं, जबकि गीत को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। गाने में ‘जय जय राम’ का जाप लगातार सुनाई देता है। एआर रहमान का संगीत और दोनों गायकों की भावपूर्ण आवाज मिलकर गीत में भक्ति और भावनाओं का प्रभाव बढ़ाती है।

कुमार विश्वास ने बताया गाने का भाव

गीतकार कुमार विश्वास के अनुसार ‘Jai Jai Ram’ के शब्दों को सरल और सहज रखने की कोशिश की गई है। उनका मानना है कि ‘जय जय राम’ केवल तीन शब्द हैं, लेकिन इनके भीतर प्रार्थना और आस्था की गहरी भावना समाहित है। गीत के जरिए भगवान राम के व्यक्तित्व को केवल शब्दों में परिभाषित करने के बजाय भक्त और भगवान के बीच के भावनात्मक रिश्ते को महसूस कराने का प्रयास किया गया है।

गणेश चतुर्थी पर क्यों रिलीज किया गया गाना?

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया कि ‘Jai Jai Ram’ को गणेश चतुर्थी के अवसर पर रिलीज करने का फैसला सोच-समझकर लिया गया था। भारतीय परंपरा में किसी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश के आशीर्वाद के साथ करने की मान्यता है। मेकर्स के मुताबिक, इस गीत के जरिए रामायण की कहानी में मौजूद भक्ति, आस्था और भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।

Ramayana के ट्रेलर को भी मिला शानदार रिस्पॉन्स

फिल्म के गाने से पहले ‘Ramayana’ के ट्रेलर को भी दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। मेकर्स के मुताबिक ट्रेलर ने रिलीज के छह दिनों के भीतर अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 1 अरब से ज्यादा व्यूज हासिल किए थे।

दिवाली 2026 में रिलीज होगी Ramayana: Part 1

नितेश तिवारी के निर्देशन में तैयार हो रही ‘Ramayana: Part 1’ में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी। वहीं यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट में रकुल प्रीत सिंह, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, कुणाल कपूर, विवेक ओबेरॉय, सौरभ सचदेवा और शीबा चड्ढा समेत कई कलाकार शामिल हैं। ‘Ramayana: Part 1’ को दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज किए जाने की तैयारी है।

leave a reply

Reendex

Must see news