Breaking News

कोयला ठेके और जमीन के नाम पर ठगी, दीपक-बरखा से पूछताछ करेगी पुलिस

ठगी के आरोपी दंपती से होगी आमने-सामने पूछताछ, करोड़ों की रकम का हिसाब खंगालेगी पुलिस

कोयला ठेके और जमीन के नाम पर ठगी के आरोप में दीपक टंडन और बरखा से पूछताछ की तैयारी करती रायपुर पुलिस रायपुर में ठगी के आरोपी दंपती से पूछताछ करेगी पुलिस
कारोबारियों को कोयला ठेका, जमीन और महंगी गाड़ी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के आरोपों में घिरे दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा से रायपुर पुलिस अब आमने-सामने पूछताछ की तैयारी कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित ठगी से मिली रकम कहां और किन कामों में खर्च की गई। इसके लिए बैंक खातों, संपत्ति के दस्तावेजों और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाए गए दीपक को तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस उसकी पत्नी बरखा को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए अदालत में आवेदन दिया गया है। 19 नवंबर को दीपक की दोबारा पेशी होगी। अनुमति मिलने पर दोनों से आमने-सामने पूछताछ कर उनके बयानों का मिलान किया जाएगा।

56 लाख के कोयला ठेके से 36 लाख के जमीन सौदे तक

दीपक और बरखा के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में आठ FIR दर्ज होने की जानकारी है। इसके अलावा 11 अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।

एक मामले में SECL में सुरक्षा गार्डों की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर दो कारोबारियों से 56 लाख रुपये लेने का आरोप है। वहीं, फार्च्यूनर गाड़ी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये और जमीन व एटमास्फिरिया रेस्टोरेंट के सौदे में करीब 36 लाख रुपये लेने की शिकायतें भी जांच के दायरे में हैं।

बैंक खातों और संपत्तियों की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित ठगी की रकम किन बैंक खातों में जमा हुई और बाद में किन खातों में ट्रांसफर की गई। इस रकम से जमीन, मकान, वाहन या दूसरी संपत्तियां खरीदे जाने की भी जांच की जा रही है। दूसरे लोगों के नाम पर संभावित निवेश और बेनामी संपत्तियों से जुड़ी कड़ियां भी खंगाली जा सकती हैं।

इसके अलावा मोबाइल फोन से मिले फोटो, वीडियो और ऑडियो की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस कथित सहयोगियों की भूमिका का भी पता लगा रही है, ताकि ठगी की रकम के लेनदेन और निवेश का पूरा हिसाब सामने आ सके।

leave a reply