Breaking News

भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, एनालॉग होने की आशंका

साल्हेवारा में पकड़ी गई 1500 किलो पनीर

भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर भेजी जा रही 1500 किलो संदिग्ध पनीर की खेप पुलिस ने जब्त की है। खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान यह मामला सामने आया। खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में पनीर के एनालॉग होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी वास्तविक गुणवत्ता का पता प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने स्थित चेकपोस्ट पर पुलिस नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप (MP 04 WC 8384) को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ में चालक शिशुपाल ने बताया कि वाहन में पनीर लदा है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर पहुंचाया जा रहा है।

भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त
भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त

इसके बाद पुलिस ने खाद्य विभाग को सूचना दी और वाहन को जिला मुख्यालय लाकर जांच कराई। तलाशी के दौरान पिकअप से 50-50 किलो के 30 कार्टून बरामद हुए। इनमें कुल करीब 1500 किलो पनीर भरा हुआ था।

रायपुर की दुकान में पहुंचाई जानी थी खेप

चालक के मुताबिक, पनीर की यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान में पहुंचाई जानी थी। जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त
भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त

एनालॉग पनीर होने की आशंका

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे ने बताया कि पनीर की शुद्धता से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है। खाद्य विभाग ने पनीर के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट मिलने के बाद ही पनीर की वास्तविक गुणवत्ता स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच को लेकर सवाल उठे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जब्त की गई खेप सामान्य पनीर थी या एनालॉग पनीर। इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

leave a reply