Breaking News

अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन जारी, कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रहा खनन

66 FIR और सजा के बाद भी नहीं थमा अवैध रेत उत्खनन

बिलासपुर में अरपा नदी से बेखौफ अवैध रेत खनन बिलासपुर में अरपा नदी से बेखौफ अवैध रेत खनन

बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई और आरोपितों को सजा मिलने के बावजूद रेत माफिया की गतिविधियां थम नहीं रही हैं। शहर से लगे घुटकू क्षेत्र में अरपा नदी से खुलेआम रेत निकाली जा रही है। निर्धारित रेत घाट की सीमा से बाहर भी खनन किए जाने की बात सामने आई है। लगातार उत्खनन के कारण नदी का किनारा 12 से 15 फीट तक गहरा हो गया है। इससे मिट्टी का कटाव बढ़ रहा है और नदी किनारे खेती करने वाले किसानों की जमीन धीरे-धीरे नदी में समा रही है।

10 साल से खनन, किसान की 30 फीट जमीन नदी में समाई

नदी किनारे खेती करने वाले 70 वर्षीय किसान श्यामलाल पटेल ने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से यहां अवैध उत्खनन हो रहा है। लगातार खनन के कारण नदी का किनारा कमजोर हो गया है। बारिश के दौरान पानी के बहाव से जमीन कटकर नदी में समा जाती है।

श्यामलाल पटेल के मुताबिक, उनकी करीब 25 से 30 फीट जमीन नदी में समा चुकी है। इससे खेती का रकबा लगातार घट रहा है। उन्होंने सरपंच और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

66 मामलों में FIR, आरोपितों को तीन साल की सजा

जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर 15 जून 2025 से विशेष अभियान चलाया गया था। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 66 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

हाल ही में विशेष न्यायाधीश, खान एवं खनिज अधिनियम, बिलासपुर ने अनिल कुमार गौलिया को तीन साल के कठोर कारावास और 26 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। यह मामला 17 जून 2025 को नगोई घाट स्थित अरपा नदी से जेसीबी क्रमांक CG 11 AB 3246 के जरिए अवैध रेत परिवहन से जुड़ा था।

इससे पहले 16 जून को कोटा थाना क्षेत्र के लारीपारा घाट के मामले में ट्रैक्टर मालिक-चालक सुरेंद्र कुमार कुर्रे और ट्रॉली मालिक विजय बघेल को भी तीन-तीन साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बावजूद घुटकू में अवैध खनन जारी रहने की बात सामने आई है।

ट्रैक्टर चालक का दावा- पंच के आदेश पर हो रहा उत्खनन

घुटकू घाट पर रेत निकाल रहे एक ट्रैक्टर चालक ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि यहां सुबह से शाम तक खनन किया जाता है। चालक के अनुसार, गांव के एक पंच पिछले कई महीनों से उत्खनन करा रहे हैं। एक ट्रैक्टर रेत के लिए 1,400 रुपये लिए जाते हैं।

एक हाइवा रेत की कीमत 6,200 रुपये बताई

सड़क किनारे जमा रेत को बैकहो लोडर से हाइवा में भर रहे एक चालक ने बताया कि वह रोजी पर रेत लोड करने का काम करता है। उसके मुताबिक, सड़क किनारे डंप की गई रेत गांव के अमित नाम के व्यक्ति की है। चालक ने एक हाइवा रेत की कीमत 6,200 रुपये बताई।

कलेक्टर बोले- शिकायत मिलने पर की जा रही कार्रवाई

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में अवैध रेत उत्खनन के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। एफआईआर दर्ज कराई जा रही है और न्यायालय से आरोपितों को सजा भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई जारी है।

leave a reply