राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी की वारदात सामने आई है। लोधीपारा चौक स्थित शोरूम का ताला खोलकर अंदर घुसे नकाबपोश चोर ने लॉकर में रखे 2 लाख 56 हजार 163 रुपये नकद पार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गया, ताकि उसकी पहचान न हो सके। पंडरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह दुकान पहुंचने पर गायब मिला ताला
पुलिस के अनुसार, धमतरी निवासी चंद्रहास रजक शोरूम में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। 24 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद कर शटर में ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन 25 नवंबर की सुबह लगभग 10 बजे जब वह शोरूम पहुंचे, तो शटर पर ताला नहीं लगा था।
दुकान के अंदर जाकर देखने पर सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदली हुई मिली। वहीं, गल्ले में लॉक लगा हुआ था। इसके बाद मैनेजर ने दुकान मालिक ऐश्वर्य मार्या को घटना की जानकारी दी।
लाल हुडी पहने संदिग्ध ने कैमरों से की छेड़छाड़
सूचना मिलने पर दुकान मालिक ने चाबी मंगवाकर गल्ला खुलवाया, लेकिन उसमें रखी नकदी गायब थी। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में रात करीब 2 बजे लाल रंग की हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति को शोरूम के आसपास घूमते देखा गया।
कुछ देर बाद संदिग्ध दुकान के अंदर दाखिल होता और सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ करता नजर आया। फुटेज के अनुसार, आरोपी लॉकर में रखी नकदी के साथ दुकान में लगा सीसीटीवी डीवीआर भी लेकर फरार हो गया।
पंडरी पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
