Breaking News

सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, जंगल में मिला माओवादी डंप

नाइट विजन डिवाइस, कैमरा और वायरलेस सेट बरामद

बीजापुर के जंगल में माओवादी डंप से नाइट विजन डिवाइस बरामद बीजापुर के जंगल में माओवादी डंप से नाइट विजन डिवाइस बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संयुक्त सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के गुंजेपर्ती जंगल और पहाड़ी इलाके में तलाशी के दौरान माओवादियों का छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया गया है। जमीन के भीतर छिपाई गई सामग्री में नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा, बैटरी, सोल्डरिंग मशीन और बड़ी मात्रा में मेडिकल सामग्री शामिल है।

पुलिस के अनुसार, बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है। सभी सामान जब्त कर थाना उसूर में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बीजापुर के जंगल में माओवादी डंप से नाइट विजन डिवाइस बरामद
बीजापुर के जंगल में माओवादी डंप से नाइट विजन डिवाइस बरामद

मुखबिर की सूचना पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 21 नवंबर को सुरक्षा बलों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुंजेपर्ती के जंगल में माओवादियों ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम को सर्च अभियान के लिए रवाना किया गया।

22 नवंबर को जवानों ने उसूर थाना मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित गुंजेपर्ती के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया माओवादी डंप मिला।

नाइट विजन डिवाइस और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को कई तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री मिली। बरामद सामान में नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा, सोल्डरिंग मशीन, बैटरी, चार्जर, टॉर्च, एलईडी लैंप और मल्टीमीटर शामिल हैं।

इसके अलावा मौके से दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच के जरिए उनसे जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

जंगल में संदिग्ध वस्तु मिलने पर पुलिस को दें सूचना

बीजापुर पुलिस ने ग्रामीणों से जंगल और पगडंडियों पर किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री को नहीं छूने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि ऐसी कोई वस्तु दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें।

फिलहाल सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और डीमाइनिंग अभियान चला रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जंगलों में छिपाई गई संदिग्ध सामग्री की तलाश लगातार जारी है।

leave a reply