छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सिख पंथ के पहले गुरु, गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन निकाला जा रहा है। स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू हुआ नगर कीर्तन जेल रोड होते हुए तेलीबांधा की ओर बढ़ रहा है। इसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग शामिल हुए हैं। इस बार 17 अलग-अलग पालकियों की जगह एक मुख्य पालकी निकाली जा रही है। पूरी संगत एक साथ शबद-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही है।
नगर कीर्तन में बस्तर से आए आदिवासी नृत्य दल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं, पंजाब से पहुंची गतका पार्टी पारंपरिक करतब दिखा रही है। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लंगर की व्यवस्था भी की गई है।
एक मुख्य पालकी के साथ निकली संगत
स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रमुख इंद्रजीत सिंघ छाबड़ा ने बताया कि इस बार नगर कीर्तन में केवल एक मुख्य पालकी शामिल की गई है। इसका उद्देश्य धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के साथ पूरी संगत को एकजुट रखना है।
नगर कीर्तन में गुरु नानक देव के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित आकर्षक झांकी भी सजाई गई है। इसके जरिए लोगों को सेवा, आपसी भाईचारे और मानवता का संदेश दिया जा रहा है।
150 साल पुरानी है नगर कीर्तन की परंपरा
स्टेशन रोड गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकालने की परंपरा करीब 150 साल पुरानी बताई जाती है। हर साल गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर यह आयोजन किया जाता है।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, इस आयोजन के जरिए 327 साल पुरानी पंज प्यारों की परंपरा को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
धार्मिक नियमों से चुने गए पंज प्यारे
नगर कीर्तन की अगुवाई करने वाले पांच पंज प्यारों का चयन धार्मिक नियमों के अनुसार किया जाता है। इसके लिए अमृतधारी सिख होना, रोजाना पांच बाणियों का पाठ करना और अनुशासित जीवन का पालन करना जरूरी है।
इस बार हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह को पंज प्यारों के रूप में चुना गया है। नगर कीर्तन के दौरान जत्थेदार उनका मार्गदर्शन करेंगे।
डीजे और तेज आवाज वाले स्पीकर पर रोक
नगर कीर्तन को अनुशासित और धार्मिक माहौल में आयोजित करने के लिए तैयारियों के दौरान कई फैसले लिए गए हैं। इसके तहत डीजे और तेज आवाज वाले स्पीकर के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। केवल सामान्य माइक के जरिए गुरबाणी और शबद-कीर्तन का प्रसारण किया जाएगा।
इसके अलावा बाइक रैली में स्टंट करने और आतिशबाजी करने पर भी प्रतिबंध रहेगा, ताकि आयोजन की धार्मिक गरिमा और अनुशासन बना रहे।
