Breaking News

भिलाई में 154 करोड़ के विकास कार्य, यश ड्रीम चिटफंड के निवेशकों को मिली राशि

3,000 चिटफंड निवेशकों को लौटे 3.16 करोड़

भिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को इस्पात नगरी भिलाई के खुर्सीपार में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने दो प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3,000 निवेशकों के खातों में 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में भिलाई नगर निगम के विकास कार्यों के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बीएसपी टाउनशिप के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद अधिकारियों के साथ इस विषय पर बातचीत की गई। इसके बाद मासिक किराया वृद्धि को घटाकर 6 रुपये करने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।

भिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
भिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

दो प्रमुख सड़कों के लिए 27 करोड़ रुपये की घोषणा

मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए दो सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की। कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की घोषणा की गई। इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम का निर्माण भी कराया जाएगा।

आवास और महतारी वंदन योजना की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1,600 आवास बनाए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि इस्पात राज्यमंत्री रहते हुए भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए उनका लगातार संवाद और सहयोग रहा है।

यश ड्रीम चिटफंड के 3,000 निवेशकों को लौटाई गई राशि

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के अंतर्गत यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3,000 निवेशकों को कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभ दिया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत नगर निगम भिलाई के 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए, जबकि 7 श्रमिकों को पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण के चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा मत्स्य विभाग की ओर से आइस बॉक्स, नाव और जाल वितरित किए गए तथा पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टे दिए गए।

तीन साल में माओवादी हिंसा से मुक्त हुआ प्रदेश: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश के गांवों और शहरों में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ अब माओवादी हिंसा से मुक्त हो चुका है और यह बदलाव बीते तीन वर्षों में आया है। उनके मुताबिक, राज्य में निवेश, उद्योग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के आने से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। इसमें भिलाई की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

उन्होंने नगरीय निकायों को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इन प्रयासों के चलते छत्तीसगढ़ को हर साल राष्ट्रीय पुरस्कार मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व मंत्री रमशीला साहू और महापौर नीरज पाल उपस्थित रहे।

इसके अलावा संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, राकेश पांडे और भोजराम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

leave a reply