
नक्सलवाद की पहचान से विकास की नई तस्वीर तक पहुंचा छत्तीसगढ़: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान बदल रही है। जिस बस्तर और प्रदेश की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के कारण होती थी, आज वही अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की संभावनाओं के लिए पहचाना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य गठन के बाद पहली बार वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की परंपरा, आधुनिकता और विकास का संगम दिखाई दे रहा है।

निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर राज्यपाल ने दिया जोर
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने निवेशकों से प्रदेश की संभावनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज प्रसंस्करण और स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

सात पारंपरिक नृत्यों ने बिखेरे संस्कृति के रंग
कार्यक्रम में गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और मांदर-ढोल की धुनों पर कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर जीवंत किया।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं, लोक आस्था, कृषि संस्कृति और ग्रामीण जीवन की झलक दिखाई गई।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का किया भ्रमण
मुख्यमंत्री साय ने व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉल देखे। उन्होंने बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र, वनोपज आधारित उत्पादों और कोदो-कुटकी जैसे मिलेट की जानकारी ली।
पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना पर्यटन को बढ़ावा देने का अभिनव प्रयास है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश के मंत्री, सांसद, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
