छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाल्को शाखा में करीब 94 लाख रुपये के कथित गबन मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब छह साल पुराने मामले में ACB बिलासपुर की टीम ने तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया है। छत्तीसगढ़ लाए जाने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
93.60 लाख रुपये ट्रांसफर करने का आरोप
ACB के मुताबिक, सुनील कुमार झा पर 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बैंक के अलग-अलग खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप है। जांच एजेंसी का कहना है कि यह रकम आरोपी की पत्नी, बैंक के वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में भेजी गई थी।
इस मामले में वर्ष 2020 में SBI के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने रायपुर स्थित ACB/EOW मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
बैंक रिकॉर्ड और वाउचर से मिले साक्ष्य
शिकायत के बाद ACB ने धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान बैंक के विभिन्न BGL खातों के स्टेटमेंट, संबंधित खाताधारकों के रिकॉर्ड और मूल बैच ट्रांसफर व डेबिट वाउचर जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि इन्हीं वाउचरों के जरिए बैंक खातों से रकम निकालकर दूसरे खातों में भेजी गई थी। ACB के अनुसार, संबंधित वाउचर तत्कालीन शाखा प्रबंधक सुनील कुमार झा ने तैयार किए थे। दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी और कूटरचना से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गईं।
दुमका से गिरफ्तारी, पुलिस रिमांड पर आरोपी
ACB बिलासपुर की टीम ने झारखंड के दुमका में दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे छत्तीसगढ़ लाया गया और कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। यहां से ACB को आरोपी की पुलिस रिमांड मिल गई।
अन्य खातों और लोगों की भूमिका की जांच
करीब छह साल पुराने इस मामले में गिरफ्तारी के बाद ACB अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक की रकम किन-किन खातों में भेजी गई और इस कथित गबन में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।
