Breaking News

साइबर क्राइम थाने का उद्घाटन, CM साय ने शुरू किया नशामुक्ति अभियान

दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के लिए खुला रेंज साइबर क्राइम थाना

भिलाई में रेंज साइबर क्राइम थाने का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भिलाई में रेंज साइबर क्राइम थाने का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर नियंत्रण और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में दुर्ग पुलिस को नई सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के पास करीब 35 लाख रुपये की लागत से बने रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने रुआबांधा पुलिस चौकी का उद्घाटन भी किया और दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ की शुरुआत की।

भिलाई में रेंज साइबर क्राइम थाने का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
भिलाई में रेंज साइबर क्राइम थाने का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

दुर्ग, बालोद और बेमेतरा में साइबर अपराधों की होगी जांच

नया रेंज साइबर क्राइम थाना दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के लिए काम करेगा। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी।

थाने में जटिल साइबर अपराधों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के साथ आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण के बाद भवन का निरीक्षण किया और विजिटर बुक में शुभकामना संदेश दर्ज किया।

भिलाई में रेंज साइबर क्राइम थाने का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
भिलाई में रेंज साइबर क्राइम थाने का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने रुआबांधा पुलिस चौकी का उद्घाटन कर क्षेत्र के लोगों को नई पुलिस सुविधा की सौगात दी। इससे इलाके में पुलिस की मौजूदगी मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं पहले से अधिक सुलभ हो सकेंगी।

‘संकल्प अभियान’ के तहत तीन स्तरों पर होगी कार्रवाई

दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ के तहत नशे की समस्या से निपटने के लिए तीन स्तरों पर काम किया जाएगा।

  • जागरूकता और रोकथाम: गांवों, वार्डों, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।

  • पुलिस कार्रवाई: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • उपचार और पुनर्वास: नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

साइबर ठगी और नशे की सूचना के लिए हेल्पलाइन जारी

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर 1930 पर शिकायत की जा सकती है। वहीं, नशे से संबंधित सहायता और सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 तथा एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन 94791-5151 जारी की गई है।

भिलाई में रेंज साइबर क्राइम थाने का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
भिलाई में रेंज साइबर क्राइम थाने का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर संपर्क करें। साथ ही नशे के अवैध कारोबार की जानकारी देने और प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, वैशाली नगर विधायक, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला दंडाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

leave a reply