चक्रवात अकवान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह से प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। तेज और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे ठंड बढ़ गई है। अचानक बदले मौसम ने आम जनजीवन के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में तापमान 15 डिग्री तक पहुंचा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और काम पर निकलने वाले लोगों को ठंड के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक पहुंच गया है।
खेतों में कटी धान की फसल भीगने का खतरा
मौसम में बदलाव का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों धान की कटाई और मिसाई का काम जारी है। कई किसानों ने कटाई के बाद फसल को खेतों में खुले में रखा हुआ है। ऐसे में बारिश के कारण धान भीगने और खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
फसल में नमी आने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की चिंता बढ़ा दी है।

धमतरी में देर रात से बारिश, बढ़ी ठिठुरन
धमतरी जिले में भी चक्रवात अकवान का असर दिखाई दे रहा है। देर रात से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठिठुरन बढ़ गई है।
धान कटाई और खरीदी के सीजन के बीच मौसम बदलने से किसान चिंतित हैं। खरीदी केंद्रों में खुले में रखे धान को बारिश से बचाने के लिए प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है।
धान खरीदी केंद्रों की सुरक्षा के लिए कलेक्टर का निर्देश
असमय बारिश की आशंका को देखते हुए धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार देर शाम अधिकारियों को धान के सुरक्षित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम, धान खरीदी केंद्रों के जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी और संबंधित विभागों को आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में रखे धान को बारिश से बचाने के लिए स्टैक तैयार कर केप कवर और तिरपाल से पूरी तरह ढका जाए। सभी केंद्रों में पर्याप्त संख्या में केप कवर उपलब्ध रखने और बारिश से बचाव की व्यवस्था पहले से करने पर जोर दिया गया है।
पानी निकासी और धान के उठाव पर जोर
कलेक्टर ने अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। धान के ढेरों के आसपास पानी जमा न हो, इसके लिए ड्रेनेज व्यवस्था तैयार करने और पानी की निकासी के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है।
सभी एसडीएम को खरीदी केंद्र प्रभारियों और नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिन केंद्रों से धान का उठाव पहले किया जा सकता है, उनकी सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उठाव कराने को कहा गया है, ताकि खुले में रखे धान को बारिश से बचाया जा सके।
