एबिक्स कंपनी के सौदे से काले धन को खपाने का आरोप
जांच के अनुसार, एबिक्स कंपनी को विकास गर्ग से खरीदा गया था। आरोप है कि कंपनी को एक बीमारू कंपनी के रूप में अधिग्रहित किया गया और इसका इस्तेमाल कथित अवैध कमाई को वैध दिखाने के लिए किया गया।
बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया में कई अलग-अलग कंपनियों के जरिए निवेश और पैसों का लेन-देन दिखाया जाता था। एक कंपनी से दूसरी कंपनी में रकम ट्रांसफर कर वास्तविक मनी ट्रेल छिपाने की कोशिश किए जाने का आरोप है। ED इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
हर महीने एक करोड़ रुपये की कथित प्रोटेक्शन मनी
मामले में कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर भी बड़ा दावा सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, हर 15 दिन में 50 लाख रुपये दिए जाते थे। इस तरह हर महीने करीब एक करोड़ रुपये का लेन-देन होने की बात कही जा रही है।
प्रवर्तन निदेशालय अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह रकम किसे दी जाती थी और इस नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका थी। फिलहाल इस कथित लेन-देन की जांच जारी है।
धीरज आहुजा ने दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका
इसी बीच विशाल आहुजा के भाई धीरज आहुजा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। जांच में आरोप है कि सौरभ चंद्राकर की करीब 200 करोड़ रुपये की शादी में धीरज आहुजा ने मेहमानों की बुकिंग और यात्रा व्यवस्था संभाली थी।
अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ वारंट
दूसरी ओर ED ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रायपुर की विशेष PMLA अदालत ने अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
प्रवर्तन निदेशालय ने दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने के लिए भी अदालत में आवेदन दिया है। वहीं, इस मामले में एक अन्य आरोपी शुभम सोनी के खिलाफ पहले से गैर-जमानती वारंट जारी है।
