बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाए गए दीपक को तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस उसकी पत्नी बरखा को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए अदालत में आवेदन दिया गया है। 19 नवंबर को दीपक की दोबारा पेशी होगी। अनुमति मिलने पर दोनों से आमने-सामने पूछताछ कर उनके बयानों का मिलान किया जाएगा।
56 लाख के कोयला ठेके से 36 लाख के जमीन सौदे तक
दीपक और बरखा के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में आठ FIR दर्ज होने की जानकारी है। इसके अलावा 11 अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।
एक मामले में SECL में सुरक्षा गार्डों की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर दो कारोबारियों से 56 लाख रुपये लेने का आरोप है। वहीं, फार्च्यूनर गाड़ी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये और जमीन व एटमास्फिरिया रेस्टोरेंट के सौदे में करीब 36 लाख रुपये लेने की शिकायतें भी जांच के दायरे में हैं।
बैंक खातों और संपत्तियों की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित ठगी की रकम किन बैंक खातों में जमा हुई और बाद में किन खातों में ट्रांसफर की गई। इस रकम से जमीन, मकान, वाहन या दूसरी संपत्तियां खरीदे जाने की भी जांच की जा रही है। दूसरे लोगों के नाम पर संभावित निवेश और बेनामी संपत्तियों से जुड़ी कड़ियां भी खंगाली जा सकती हैं।
इसके अलावा मोबाइल फोन से मिले फोटो, वीडियो और ऑडियो की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस कथित सहयोगियों की भूमिका का भी पता लगा रही है, ताकि ठगी की रकम के लेनदेन और निवेश का पूरा हिसाब सामने आ सके।
