मृतक की पहचान सावन सेन निवासी अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे सावन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। वहां हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध अपचारी से मुलाकात के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के रहने वाले तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया।
तीन महीने पुरानी रंजिश में हमले का आरोप
पुलिस पूछताछ में तीनों नाबालिगों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सावन ने उनमें से एक पर चाकू से हमला किया था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार, इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सावन पर हमला करने की योजना बनाई थी।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सावन को पुलिस की मदद से तत्काल मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
