
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाने के साथ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
56 गांवों के 56 हजार लोगों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
मुख्यमंत्री ने धनोरा में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का उद्घाटन किया। इस केंद्र से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के करीब 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। अब सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए ग्रामीणों को दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से 730 किसानों को नई पहचान
मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ करते हुए बताया कि इसके जरिए ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों की परंपरागत धान उपज को बाजार से जोड़ा जाएगा। इन गांवों के किसान प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर बिना रासायनिक खाद के धान उत्पादन करते हैं।
जिला प्रशासन की पहल पर अब इस धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और पैकेजिंग कर प्रीमियम राइस के रूप में बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर कीमत मिलने और बिचौलियों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।

धान प्रसंस्करण और विपणन की जिम्मेदारी संभालेंगी बिहान की महिलाएं
इस पहल में ग्रामीण महिलाओं को भी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी दी गई है। स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं इस पूरी प्रक्रिया में भागीदारी निभाएंगी। इससे स्थानीय स्तर पर महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कोनगुड़ परगना के 84 गांवों के ग्रामीण पेन खण्डा मुदिया को अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। स्थानीय परंपरा में उन्हें ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार साफा बांधकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
