Breaking News

CGPSC में 21वीं रैंक हासिल कर बनीं अफसर,1.5 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

CGPSC 2021 की 21वीं रैंक वाली अंचला गिरी रिश्वत मामले में गिरफ्तार

CGPSC 21वीं रैंक वाली अफसर अंचला गिरी रिश्वत मामले में गिरफ्तार CGPSC 21वीं रैंक वाली अफसर अंचला गिरी रिश्वत मामले में गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा में 21वीं रैंक हासिल कर सरकारी अधिकारी बनीं अंचला गिरी अब रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। कांकेर में राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। आरोप है कि उन्होंने करीब तीन लाख रुपये के कबाड़ से भरे वाहन को छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की मांग की थी। कार्रवाई के दौरान उन्होंने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी, जिसे एसीबी ने बरामद कर लिया। इस मामले में रिश्वत की डील कराने के आरोप में सीए इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।

राज्य सरकार ने अंचला गिरी को निलंबित कर दिया है। न्यायालय से जमानत नहीं मिलने के बाद दोनों आरोपी जेल में हैं। इस कार्रवाई के बीच अंचला का पुराना मॉक इंटरव्यू भी इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें उन्होंने अधिकारी बनने के अपने सपने और संघर्ष के बारे में बताया था।

कलेक्टर बंगले के पास घर से मिली अधिकारी बनने की प्रेरणा

अंचला गिरी ने अपने मॉक इंटरव्यू में बताया था कि वह एक सामान्य परिवार से आती हैं। उनका घर कलेक्टर बंगले के पास था। बचपन में अधिकारियों को सरकारी गाड़ियों से आते-जाते देखकर उनके मन में भी प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा पैदा हुई। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और CGPSC-2021 में 21वीं रैंक हासिल की।

CGPSC 21वीं रैंक वाली अफसर अंचला गिरी रिश्वत मामले में गिरफ्तार
CGPSC 21वीं रैंक वाली अफसर अंचला गिरी रिश्वत मामले में गिरफ्तार

अंबिकापुर निवासी अंचला के पिता अजय गिरी आबकारी विभाग में आरक्षक हैं, जबकि उनकी मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर सरकारी सेवा तक पहुंचने की उनकी कहानी अब रिश्वत के आरोपों के बाद नए सिरे से चर्चा में है।

शतरंज की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही हैं अंचला

अंचला ने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने कलिंगा विश्वविद्यालय से गणित विषय में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के साथ उनकी खेलों में भी रुचि रही है। वह शतरंज की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही हैं और कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं।

CGPSC-2021 में 21वीं रैंक हासिल करने के बाद उन्होंने राज्य कर विभाग में अधिकारी के रूप में अपनी जगह बनाई थी। अब रिश्वत के आरोपों में गिरफ्तारी के बाद उनकी शैक्षणिक और खेल उपलब्धियां भी चर्चा में हैं।

एक कारोबारी की शिकायत से रायपुर और कांकेर में कार्रवाई

इस मामले में कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज की भूमिका अहम बताई गई है। रायपुर और कांकेर में राज्य कर विभाग के अधिकारियों के खिलाफ हुई दोनों कार्रवाइयों में शिकायतकर्ता वही हैं।

करीब दस महीने पहले उनकी शिकायत पर रायपुर में जीएसटी विभाग के दो निरीक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप था कि सिलतरा स्थित जगदीश प्लांट जा रहे स्क्रैप से भरे ट्रक को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये मांगे गए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने 50 हजार रुपये दिए, लेकिन इसकी रसीद नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों निरीक्षकों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, इन मामलों में लगाए गए आरोपों का न्यायालय में सिद्ध होना बाकी है।

तबादले के बाद भी जांच, विभागीय निगरानी पर उठे सवाल

कुछ महीने पहले ही अंचला गिरी का रायपुर से कांकेर तबादला हुआ था। विभागीय सूत्रों के अनुसार, वह अपने निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर वाहनों की जांच कर रही थीं। जगदलपुर डिवीजन में ई-वे बिल की जांच के लिए अलग टीम गठित है। ऐसे में उनके कथित तौर पर अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जांच करने की जानकारी विभागीय अधिकारियों को क्यों नहीं हुई, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।

रायपुर में पदस्थापना के दौरान भी उनके खिलाफ लेनदेन से जुड़ी शिकायत मंत्री और विभागीय आयुक्त तक पहुंचने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल अंचला गिरी और सीए इमरान मेमन के खिलाफ मामले में आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

leave a reply