Breaking News

225 करोड़ के संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल, आयकर विभाग ने खंगाले 25 लॉकर

रायपुर में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई

आयकर छापे में 25 लॉकर की जांच, 225 करोड़ के लेन-देन की पड़ताल आयकर छापे में 25 लॉकर की जांच, 225 करोड़ के लेन-देन की पड़ताल

छत्तीसगढ़ में बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही। जांच के दौरान अब तक करीब 225 करोड़ रुपये की संभावित वित्तीय गड़बड़ी के शुरुआती संकेत मिले हैं। अधिकारियों ने दोनों समूहों से जुड़े 25 लॉकर खुलवाकर उनकी सामग्री की जांच की है। इसके अलावा करीब 14 करोड़ रुपये नकद और लगभग 20 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों का मूल्यांकन किया गया है।

50 ठिकानों पर 120 से अधिक अधिकारियों की कार्रवाई

आयकर विभाग की डीडीआईटी नवल जैन के नेतृत्व में 120 से अधिक अधिकारियों की टीम ने छत्तीसगढ़ के पांच जिलों के अलावा मुंबई, नागपुर, रांची और जमशेदपुर में करीब 50 ठिकानों पर जांच की। इनमें छत्तीसगढ़ के 36 ठिकाने शामिल हैं।

बताया गया है कि विभाग पिछले तीन महीने से दोनों समूहों के वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रहा था। पिछले पांच वर्षों के घोषित आयकर और वास्तविक कारोबार के आंकड़ों में अंतर मिलने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई।

दस साल में कारोबार 100 गुना बढ़ने की जांच

जांच में दोनों समूहों के कारोबार में पिछले दस वर्षों के दौरान करीब 100 गुना वृद्धि होने की जानकारी सामने आई है। आयकर विभाग अब कारोबार में हुई इस बढ़ोतरी के अनुपात में घोषित आय, जमा टैक्स, निवेश और संपत्तियों का मिलान कर रहा है। इससे पहले वर्ष 2015-16 में भी समूह पर आयकर विभाग ने छापेमारी की थी।

डिजिटल रिकॉर्ड और बड़े ठेकों के दस्तावेज खंगाले जा रहे

कार्रवाई के दौरान कार्यालयों से मिले कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का डाटा बैकअप लिया जा रहा है। विशेषज्ञ कच्चे और पक्के लेन-देन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। इस सिलसिले में समूह के प्रमोटर और निदेशकों सहित पीआरए ग्रुप के प्रमुख प्रहलाद राय अग्रवाल से भी पूछताछ की गई है।

जांच के दायरे में बिलासपुर की महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर और मोहदा स्थित फैक्ट्री शामिल हैं। रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

इसके अलावा बर्बरिक ग्रुप की प्रस्तावित आईपीओ योजना और पीआरए ग्रुप को मिले करीब 450 करोड़ रुपये के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।

आयकर विभाग की जांच अभी जारी है। वास्तविक अघोषित आय और संभावित कर चोरी का आकलन दस्तावेजों तथा डिजिटल साक्ष्यों की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

leave a reply

Reendex

Must see news