1.46 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस बिक्री के मामले में 3 गिरफ्तार

अवैध पटाखों पर पुलिस की कार्रवाई, 1.46 लाख रुपये का माल जब्त

धमतरी में पुलिस द्वारा जब्त किए गए करीब 1.46 लाख रुपये के अवैध पटाखे धमतरी में अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 1.46 लाख रुपये के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करने के मामलों का खुलासा किया। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

नगरी के फरसिया गांव में 1.30 लाख के पटाखे जब्त

पहली कार्रवाई नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसिया में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में बिना वैध लाइसेंस के बिक्री के लिए पटाखे रखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अलग-अलग कंपनियों के करीब 1 लाख 30 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए।

इस मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

धमतरी में अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
धमतरी में अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई

मगरलोड में किराना स्टोर से पटाखे बरामद

दूसरी कार्रवाई मगरलोड थाना क्षेत्र में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर पर की गई। पुलिस टीम ने यहां दबिश देकर एक कार्टून में रखे अलग-अलग कंपनियों के करीब 16,500 रुपये के पटाखे जब्त किए।

तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई

दोनों मामलों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

leave a reply