कई दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल
कलेक्टर और नियंत्रक के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का निरीक्षण किया। इसके बाद श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन से बेसन लड्डू और खोवा के नमूने संकलित किए गए।
इसके अलावा विनायक मावा फर्म और विक्रेता मनोज गुप्ता के यहां से भी खोवा के सैंपल लिए गए हैं। अधिकारियों ने सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया है।
दुकानों में मिली गंदगी, सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में साफ-सफाई की कमी और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही सामने आई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इन कमियों पर नाराजगी जताई और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा अभिहित अधिकारी से की है।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जब्त किए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
