छत्तीसगढ़: के बलौदाबाजार में नौकरी लगाने के नाम पर कथित ठगी का एक और मामला सामने आया है। जेल में बंद भाजपा के पूर्व महामंत्री कृष्णा अवस्थी और उनके बेटे प्रणव अवस्थी के खिलाफ वार्ड बॉय की नौकरी दिलाने के नाम पर छह लोगों से कुल 6 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक उम्मीदवार से 1 लाख रुपये के हिसाब से छह लोगों से रकम ली गई। शिकायतकर्ताओं ने पैसे के लेनदेन से संबंधित वीडियो भी पुलिस को सौंपा है।
भाजपा कार्यालय में दो किस्तों में दिए 6 लाख रुपये
ग्राम ओड़ान के पूर्व सरपंच जीवन लाल कमल ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के मुताबिक, गांव के भाजपा कार्यकर्ता नाथूराम वर्मा ने उनकी मुलाकात कृष्णा अवस्थी से कराई थी।
आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने जिला अस्पताल में वार्ड बॉय के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, 14 सितंबर 2025 को 3 लाख रुपये और इसके बाद 14 फरवरी 2026 को बलौदाबाजार स्थित भाजपा कार्यालय में 3 लाख रुपये लिए गए। इस तरह दो किस्तों में कुल 6 लाख रुपये देने का आरोप है। शिकायत में एक अन्य व्यक्ति से अलग से 1 लाख रुपये लेने की बात भी कही गई है।
बेटे प्रणव के पास जमा कराए गए दस्तावेज
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, रकम लेने के बाद कृष्णा अवस्थी ने युवकों को अपने बेटे प्रणव अवस्थी के पास भेजा। आरोप है कि प्रणव ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित कैंटीन में युवकों से अंकसूची, फोटो, बैंक पासबुक समेत अन्य जरूरी दस्तावेज लिए और कुछ कागजों पर हस्ताक्षर भी करवाए।
शिकायत के अनुसार, युवकों को 24 अगस्त 2026 को जॉइनिंग लेटर मिलने की बात कही गई थी। हालांकि, निर्धारित समय तक नौकरी नहीं मिली। इसके बाद युवकों ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की, लेकिन आरोप है कि उन्हें लगातार टालमटोल किया जाता रहा।
नौकरी के लिए रायपुर कलेक्टोरेट भी ले जाने का दावा
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पैसे वापस करने का दबाव बढ़ने पर कृष्णा अवस्थी उन्हें रायपुर कलेक्टोरेट ले गए। वहां अधिकारियों से बातचीत के जरिए नौकरी का रास्ता साफ कराने की बात कही गई। इसके बाद युवकों को बलौदाबाजार जिला अस्पताल में जॉइनिंग के लिए बुलाए जाने का दावा किया गया। इसी दौरान कृष्णा अवस्थी को पलारी थाना पुलिस ने फर्जी तबादला आदेश मामले में गिरफ्तार कर लिया। प्रणव अवस्थी की गिरफ्तारी भी पहले हो चुकी थी। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
छह युवकों को नौकरी दिलाने का दावा
जीवन कमल का आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने 50 वार्ड बॉय पदों पर भर्ती होने की बात कही थी। उन्होंने छह युवकों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, प्रत्येक युवक से 50-50 हजार रुपये की दो किस्तों में कुल 1 लाख रुपये लिए गए। इस हिसाब से छह युवकों से कुल 6 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।
पैसे लेते वीडियो पुलिस को सौंपा
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को लेनदेन से जुड़ा वीडियो भी सौंपा है। उनका दावा है कि वीडियो में कृष्णा अवस्थी पैसे लेते और नोट गिनते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सुनील खूंटे कर रहे हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
एएसआई सुनील खूंटे के मुताबिक, जीवन कमल, सोहन कन्नौजे, डोमार कन्नौजे और श्रीराम कन्नौजे समेत अन्य लोगों ने अपने बेटों को वार्ड बॉय की नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने की शिकायत की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत में छह उम्मीदवारों से कुल 6 लाख रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले में उपलब्ध दस्तावेज और वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
कृष्णा और प्रणव पर पहले भी दर्ज हैं मामले
कृष्णा अवस्थी और प्रणव अवस्थी के खिलाफ नौकरी और नियुक्ति से जुड़े आरोपों का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दोनों के खिलाफ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी और फर्जी नियुक्ति पत्र से जुड़े आरोप सामने आ चुके हैं।
इसके अलावा प्रणव अवस्थी के खिलाफ शराब दुकान में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये लेने के आरोप में भी FIR दर्ज होने की बात सामने आई है। शिकायतों में यह भी आरोप लगाया गया है कि पिता-पुत्र ने सीएमओ डॉ. राजेश अवस्थी को अपना रिश्तेदार बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उनसे रकम ली। इन सभी मामलों में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
