एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक लगाने वाले बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हर तरफ तारीफ हो रही है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने भी उनकी ऐतिहासिक पारी पर बधाई देते हुए कहा कि वैभव की उपलब्धि से पूरे बिहार को गर्व है।
15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने मंगलवार को दोहा में खेले गए मुकाबले में महज 53 गेंदों पर 204 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए। उनकी बल्लेबाजी ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि लिस्ट ए क्रिकेट में कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
28 गेंदों में शतक, 52 गेंदों में दोहरा शतक
वैभव ने अपनी पारी के दौरान केवल 28 गेंदों में शतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद उन्होंने 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर इस प्रारूप में एक और विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
उनकी इस पारी की बदौलत इंडिया ए ने UAE के खिलाफ सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए ने 14.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 254 रन बना लिए। इस रन चेज में वैभव की पारी निर्णायक रही।
BCA अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने की तारीफ
वैभव की उपलब्धि पर BCA अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा कि महज 53 गेंदों में 204 रन बनाना और लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड कायम करना असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने वैभव की निडर बल्लेबाजी, क्षमता और आत्मविश्वास की सराहना की।
हर्ष वर्धन ने कहा कि वैभव ने अपने प्रदर्शन से बिहार के प्रत्येक क्रिकेट प्रेमी को गर्व करने का अवसर दिया है। उनकी यह उपलब्धि बिहार क्रिकेट के लिए विशेष महत्व रखती है और वह राज्य के हजारों युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि वैभव का सफर बताता है कि समर्पण, कड़ी मेहनत और सही अवसर मिलने पर बिहार की युवा प्रतिभाएं भी बड़े मंचों पर अपनी पहचान बना सकती हैं। BCA अध्यक्ष ने उनके भविष्य के क्रिकेट करियर के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित कर बिहार और भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित करेंगे।
युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध BCA
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व जताया है। एसोसिएशन ने कहा कि वह राज्य की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
