प्रेम कुमार, भाजपा के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी। शनिवार देर रात राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी अधिसूचना में इसकी जानकारी दी गई। उनकी नियुक्ति पदभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी। 62 वर्षीय दिनेश शर्मा का उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। वह राज्य सरकार में उपमुख्यमंत्री के साथ कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उन्हें रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश अंडमान-निकोबार की प्रशासनिक जिम्मेदारी दी गई है।
लखनऊ के मेयर से उपमुख्यमंत्री तक का सफर
दिनेश शर्मा राजनीति में आने से पहले लखनऊ विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर रहे। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और वर्ष 2006 से मार्च 2018 तक लगातार दो बार लखनऊ के महापौर रहे।
इस दौरान वह वर्ष 2007 से मार्च 2018 तक यूपी मेयर काउंसिल के अध्यक्ष भी रहे। भाजपा संगठन में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं और गुजरात के प्रभारी की भूमिका भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा हरियाणा में मुख्यमंत्री और राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए उन्हें पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी दी गई थी। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
2017 से 2022 तक रहे यूपी के उपमुख्यमंत्री
दिनेश शर्मा ने वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उनके पास माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण विभाग रहे।
उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। इसके बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया और वह संसद के उच्च सदन के सदस्य बने। उनका राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला था। अब नई जिम्मेदारी के तहत वह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल के रूप में कार्य करेंगे।
अंडमान-निकोबार में होगी बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी
बंगाल की खाड़ी में स्थित अंडमान और निकोबार द्वीप समूह रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश है। यहां उपराज्यपाल संवैधानिक और प्रशासनिक प्रमुख की भूमिका निभाते हैं। इस जिम्मेदारी में शासन, विकास, सुरक्षा, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रशासन का नेतृत्व करना शामिल है। केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय भी उपराज्यपाल की प्रमुख जिम्मेदारियों में रहता है। डॉ. दिनेश शर्मा के जल्द ही अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल के रूप में पदभार संभालने की उम्मीद है।
